पीलीभीत/पूरनपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री ठाकुर द्वारा मंदिर, पूरनपुर में भारतीय जनता पार्टी के समरसता संकल्प अभियान के तहत संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का 650वां जयंती वर्ष श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संत रविदास महाराज के विचारों को समाज में आत्मसात करने तथा समानता, सद्भाव और मानव सेवा के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला उपाध्यक्ष भाजपा अतिन्दर पाल सिंह ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर श्री ठाकुर द्वारा मंदिर के पुजारी श्याम कुमार अवस्थी का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम की संयोजिका नगर महामंत्री सपना सिंह चौहान रहीं। मुख्य अतिथि का स्वागत एवं सम्मान नगर कोषाध्यक्ष एवं नामित सभासद ठाकुर प्रदीप सिंह ‘मुखिया’, सपना सिंह चौहान, विवेक तिवारी तथा भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष हर्ष प्रधान ने की।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानव सेवा का अनुपम संदेश देता है। उनके आदर्श आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव मिटाने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर सूरज बाथम, रवि वर्मा, गौरव गुप्ता, मानस शुक्ला, अमन वाल्मीकि, रितेश गुप्ता, नीलम शर्मा, निर्मला गुप्ता, सोनी जायसवाल, चांदनी जायसवाल, रचना जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संत रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानव सेवा की भावना को मजबूत करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।