खटीमा। हरियाली तीज का पर्व खटीमा में हर्षोल्लास और पारंपरिक रंगों के साथ मनाया गया। उप नेता प्रतिपक्ष एवं खटीमा विधायक भुवन चंद्र कापड़ी की पत्नी कविता कापड़ी के नेतृत्व में महिला संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी महिलाओं ने भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूजा-अर्चना और पारंपरिक गीतों के साथ हुआ। महिलाओं और युवतियों ने सोलह श्रृंगार कर तथा हरे रंग की पारंपरिक साड़ियों में सज धज कर पर्व की शोभा बढ़ाई। परिसर में लगाए गए झूले, मेहंदी प्रतियोगिता और सावन के लोकगीतों ने माहौल को उत्सवी बना दिया। मंच पर स्थानीय महिलाओं एवं बालिकाओं ने पारंपरिक गीत, नृत्य और नाटिकाओं की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। सावन की मल्हार और लोकनृत्यों के माध्यम से महिलाओं ने भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम में ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और पारंपरिक वेशभूषा से सभी का मन मोह लिया। इस दौरान कविता कापड़ी ने महिला ब्लॉगरों को पिछौड़ा ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम ने महिलाओं की सहभागिता, संस्कृति और सावन की परंपराओं का जीवंत रंग पेश किया।कार्यक्रम में आशा भंडारी, मीना शिरोल, ममता चुफाल, गीता कापड़ी, मुस्कान, संगीता गोबारी, ज्योति कन्याल एवं कविता कन्याल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।