विधिक साक्षरता शिविर में छात्रों को कानून, साइबर अपराध और स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

खटीमा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर के सचिव ममता पंत के निर्देश पर शुक्रवार को राजीव गांधी नवोदय विद्यालय खटीमा में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं को स्थायी लोक अदालत, निशुल्क कानूनी सहायता, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया गया। शिविर में 37 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।विद्यालय के उप प्रधानाचार्य हौशीला प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का संचालन पैरा लीगल वालंटियर गीता शर्मा ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि परिवहन, रेल यातायात, बिजली-पानी, जमीन, बीमा, लोन, आपदा तथा अस्पताल से जुड़े विवादों के समाधान के लिए स्थायी लोक अदालत की व्यवस्था है। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली निशुल्क कानूनी सेवाओं की जानकारी भी दी।छात्रों को बताया गया कि जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के लोगों को सरकारी खर्चे पर अधिवक्ता उपलब्ध कराने के साथ कानूनी सलाह और सहायता भी प्रदान की जाती है। ग्रामीण विधिक सेवा सहायता केंद्र के माध्यम से घरेलू हिंसा, मारपीट, विवाद सहित विभिन्न मामलों में निशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है। इस दौरान नालसा टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई।कोतवाली खटीमा से एसआई प्रीति धामी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत करने के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति भी जागरूक किया और आपात स्थिति में 112 नंबर की सहायता लेने के बारे में बताया। पुलिस अधिकारी ने छात्रों से यातायात नियमों का पालन करने और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।नागरिक चिकित्सालय खटीमा की टीम ने शिविर में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। चिकित्सक डॉ. देश दीपक गॉड ने गलत खानपान से होने वाली बीमारियों और साफ-सफाई के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।वहीं डॉ. सोनाक्षी सक्सेना ने छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान जरूरतमंद बच्चों को उपचार के लिए निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने विद्यार्थियों को हेल्थ हाइजीन, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव तथा इस अवस्था में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।शिविर के दौरान विद्यालय के शिक्षक हरीश लाल आर्य, निर्मल कुमार न्यूलिया, ए.के. सिंह, हेमलता पाठक, दीपिका, अतिथि वर्मा, पिंकी सिंह, स्मृति मंडल, ममता सोरठी, ललित मोहन और कमल जोशी सहित कोतवाली खटीमा से एसआई विद्या रानी तथा टीम नंबर 36 की पैरा लीगल वालंटियर प्रीती राना मौजूद रहीं।करीब डेढ़ घंटे चले शिविर में कानून और स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, उपलब्ध निशुल्क विधिक सेवाओं, साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *