उपजिला चिकित्सालय से 7 डॉक्टरों के तबादले पर गरमाई सियासत, कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

खटीमा। उपजिला चिकित्सालय खटीमा में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के बिगड़े हाल और एक साथ सात चिकित्सकों के किए गए तबादले के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता लामबंद हो गए हैं। पीसीसी सदस्य उमेश सिंह राठौर (बाबी राठौर) के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।

क्या है प्रमुख मांगें?
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल की बदहाली को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए और तत्काल समाधान की मांग की:

तबादले रद्द हों या नई तैनाती हो: एक साथ सात डॉक्टरों के तबादले से स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप होने की कगार पर हैं। मांग की गई कि या तो तबादले रोके जाएं या रिक्त हुए पदों पर तत्काल नए डॉक्टरों की नियुक्ति की जाए।

आईसीयू का संचालन:लंबे समय से बंद पड़े आईसीयू को अविलंब शुरू करने की मांग की गई।

जलभराव से मुक्ति:अस्पताल परिसर और मुख्य मार्ग पर बरसात के दौरान होने वाले जलभराव को ठीक करने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा गया।

रिक्त पदों पर भर्ती: अस्पताल में सर्जन और फिजिशियन समेत कई महत्वपूर्ण पद पहले से रिक्त हैं, जिन्हें भरने की मांग दोहराई गई।

‘रेफर सेंटर बनकर रह गया है अस्पताल:
धरने को संबोधित करते हुए पीसीसी सदस्य बाबी राठौर ने कहा कि सात डॉक्टरों के जाने से मरीजों की जान जोखिम में पड़ गई है। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र आर्या ने आरोप लगाया कि 100 बेड वाले इस अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टरों के अभाव में मरीजों को मजबूरन रेफर करना पड़ता है। उन्होंने इसे स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही करार दिया।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि खटीमा के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए इन समस्याओं का समाधान तुरंत किया जाए।
इस विरोध प्रदर्शन में रोहित शर्मा, सतपाल राणा, नीरज कन्याल, पंकज टम्टा, दीपक चंद, मनोज कोहली और आयुब सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *