सशक्त नारी, सशक्त सीमा: एसएसबी की पहल से ‘वाइब्रेंट विलेज’ सिसैया की 20 महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर

खटीमा (उधम सिंह नगर) | भारत-नेपाल सीमा पर स्थित वाइब्रेंट विलेज सिसैया में आज हुनर और स्वावलंबन की एक नई इबारत लिखी गई। 57वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सितारगंज द्वारा ‘नागरिक कल्याण कार्यक्रम’ के तहत आयोजित 15 दिवसीय व्यावसायिक सिलाई प्रशिक्षण का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ।

एसएसबी का ‘मिशन आत्मनिर्भरता:
57वीं वाहिनी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य सीमांत क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाना है। 15 दिनों तक चले इस गहन प्रशिक्षण में महिला जनजाति सेवा समिति, खटीमा की प्रशिक्षिका प्रीति राणा द्वारा गाँव की 20 महिलाओं को सिलाई-कटाई का बारीकी से प्रशिक्षण दिया गया।

टूल किट पाकर महिलाओं में उत्साह:
समापन समारोह में एसएसबी के उप-कमांडेंट अनिल कुमार यादव और सहायक कमांडेंट दिनेश यादव ने सभी 20 सफल प्रतिभागियों को सिलाई प्रमाण पत्र और सिलाई टूल किट वितरित किए। इन उपकरणों के मिलने से अब ये महिलाएं अपने घर से ही स्वरोजगार शुरू कर सकेंगी और अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर पाएंगी।

ग्रामीणों ने की सराहना;
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्थानीय प्रतिनिधियों ने एसएसबी के इस प्रयास की जमकर सराहना की। इस अवसर पर सिसैया की ग्राम प्रधान कु० शीतल पासवान ने कहा कि एसएसबी न केवल सरहद की रक्षा कर रही है, बल्कि हमारे गाँव के विकास और महिलाओं के उत्थान में भी अपना बहुमूल्य योगदान दे रही है।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति:
इस गरिमामयी आयोजन में ग्राम प्रधान शीतल पासवान, क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन, वार्ड सदस्य रेनू व दीपक, महिला जनजाति समिति से गंगा राणा, सुरेश सिंह मौर्य, एसएसबी के उप-निरीक्षक जितेंद्र कुमार, सहायक उप-निरीक्षक सुंदर सिंह सहित ग्रामीण व एसएसबी के कार्मिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *