खटीमा। धार्मिक आस्था से जुड़ी एक अनोखी पहल को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। ग्राम भगचूरी, सत्रहमील निवासी ओम प्रकाश निषाद पुत्र सुमेर ने दावा किया है कि उन्हें स्वप्न में माता रानी दुर्गा, भगवान शिव और माता पार्वती के दर्शन हुए। उनके अनुसार, स्वप्न में उन्हें भव्य पंचमंदिर के साथ माता रानी का मंदिर निर्माण कराने की प्रेरणा मिली। इसके बाद उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए अपनी निजी भूमि में से करीब एक एकड़ भूमि दान करने का संकल्प लिया है।
ओम प्रकाश निषाद का कहना है कि मंदिर का निर्माण क्षेत्र में सुख-शांति और खुशहाली की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जाएगा। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड सहित आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से मंदिर निर्माण में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने की अपील की है।
एक एकड़ में तैयार होगा भव्य धार्मिक परिसर
मंदिर निर्माण की प्रस्तावित योजना के अनुसार करीब एक एकड़ भूमि में भव्य धार्मिक परिसर विकसित किया जाएगा। मुख्य मंदिर में माता रानी दुर्गा के साथ भगवान शिव और माता पार्वती की आकर्षक मूर्ति स्थापित किए जाने की योजना है। परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए यज्ञशाला, ध्यान केंद्र तथा हरियाली से युक्त पार्क विकसित करने का भी प्रस्ताव है।
मंदिर निर्माण की खबर क्षेत्र में फैलने के बाद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर निर्माण से जुड़े लोगों का कहना है कि यह स्थल भविष्य में क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है।
जल्द होगा भूमि पूजन और शिलान्यास
मंदिर निर्माण की तैयारियों को लेकर संबंधित लोगों की ओर से गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। बताया जा रहा है कि जल्द ही विद्वान आचार्यों की उपस्थिति में भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना है।
मंदिर निर्माण के इस संकल्प को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। लोगों को उम्मीद है कि माता रानी, भगवान शिव और माता पार्वती का यह प्रस्तावित धाम क्षेत्र में धार्मिक आस्था का नया केंद्र बनेगा।
खटीमा।संवाददाता.उत्तम कुमार न्यूज लाइव पूर्वांचल