लगातार दूसरे दिन खेतों में पहुंचा हाथियों का झुंड, गन्ने की फसल रौंदी

हरिपुर किशनपुर के बाद पिपरा मुजपत्ता में तबाही, खेत की झोपड़ी भी की तहस-नहस; किसानों ने मांगा मुआवजा

पीलीभीत। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जंगल से निकलकर हाथियों का झुंड लगातार दूसरे दिन गांवों के आसपास खेतों में पहुंच गया। हाथियों ने खेतों में खड़ी गन्ने की फसल को रौंदकर किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया। वहीं एक खेत में रखवाली के लिए बनाई गई झोपड़ी को भी तहस-नहस कर दिया। लगातार हाथियों की आवाजाही से किसानों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात हाथियों का झुंड हरिपुर किशनपुर गांव के किनारे खेतों में पहुंचा था। यहां हाथियों ने धान और गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाया। ग्रामीण इस घटना से संभल भी नहीं पाए थे कि मंगलवार को हाथियों का झुंड पिपरा मुजपत्ता गांव के आसपास पहुंच गया।

पिपरा मुजपत्ता निवासी गिरंद के खेत में हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। गन्ने की फसल रौंदने के साथ ही खेत की रखवाली के लिए बनाई गई झोपड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा गिदलाल, रघुवीर, लोकराम और मिश्रीलाल के खेतों में खड़ी गन्ने की फसल भी हाथियों ने रौंद दी।

लगातार बढ़ रही हाथियों की आवाजाही से दहशत

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली हाथियों का आना कोई नई बात नहीं है। पहले भी हाथियों का झुंड गांवों के आसपास पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचाता रहा है। लेकिन लगातार दो दिनों से हाथियों के खेतों में पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

किसानों के मुताबिक रात में खेतों की रखवाली करना बेहद जोखिम भरा हो गया है। हाथियों के अचानक खेतों में पहुंचने से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और उन्हें आबादी व खेतों की ओर आने से रोकने के लिए प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।

मौके पर पहुंचे गांव प्रशासक

हाथियों के पिपरा मुजपत्ता के खेतों में पहुंचने की सूचना पर गांव प्रशासक विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित खेतों का निरीक्षण कर फसल और अन्य नुकसान का जायजा लिया। साथ ही मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी।

सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग

किसानों ने प्रशासन और वन विभाग से हाथियों द्वारा किए गए फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराने और नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही को देखते हुए वन विभाग को निगरानी और सुरक्षा के स्थायी इंतजाम करने चाहिए, ताकि किसानों की फसल के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।

न्यूज लाइव पूर्वांचल | पीलीभीत | संवाददाता-अरविंद और

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *