मुख्यमंत्री से पीड़ित पत्नी ने लगाई मदद की फरियाद, दो छोटे बच्चों और बुजुर्ग सास के भरण-पोषण का संकट
खटीमा। पति की हत्या के बाद आर्थिक संकट से जूझ रही पंजाबी कॉलोनी वार्ड संख्या 14 निवासी राधिका वर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की गुहार लगाई है। पीड़िता ने डाक के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर परिवार के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की है।
राधिका वर्मा के अनुसार, 16 मई 2026 को उनके पति स्व. विवेक कुमार वर्मा की पड़ोसियों सचिन रघुवंशी और आकाश रघुवंशी, पुत्रगण सतीश रघुवंशी, के साथ विद्युत मीटर लगाने को लेकर हुए विवाद के दौरान हत्या कर दी गई थी। पति की मौत के बाद परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा छिन गया और परिवार आर्थिक संकट में आ गया।
पीड़िता ने बताया कि 26 मई 2026 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनके घर पहुंचे थे और शोक संवेदना व्यक्त की थी। राधिका का कहना है कि उस दौरान परिवार के भरण-पोषण के लिए एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिए जाने की बात कही गई थी। हालांकि, पीड़िता के मुताबिक अब तक अपेक्षित आर्थिक सहायता अथवा रोजगार उपलब्ध नहीं हो सका है।
दो बच्चों और बुजुर्ग सास की जिम्मेदारी
राधिका के मुताबिक, पति के निधन के बाद परिवार में छह और दस वर्ष के दो छोटे बच्चे तथा 65 वर्ष से अधिक उम्र की बुजुर्ग सास हैं। परिवार के सामने रोजमर्रा के खर्च के साथ बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
पीड़िता ने अपनी आर्थिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए आश्रम पद्धति विद्यालय, खटीमा में अनुसेवक के रिक्त पद पर नियुक्ति दिए जाने की मांग की है। इसके साथ ही परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया है।
27 अगस्त और 6 सितंबर को फिर भेजे प्रार्थना पत्र
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने अपनी मांग को लेकर 27 अगस्त और 6 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री को दोबारा प्रार्थना पत्र भेजे हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए रोजगार और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
राधिका का कहना है कि सरकारी मदद मिलने से परिवार को आर्थिक संकट से उबरने में सहारा मिलेगा और दोनों बच्चों की पढ़ाई एवं भविष्य को सुरक्षित करने में मदद मिल सकेगी।
संवाददाता.उत्तम कुमार