विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली सामूहिक शपथ

जिला अस्पताल व कॉलेज में गोष्ठी आयोजित कर मानसिक तनाव, नशे और आत्महत्या के जोखिम कारकों पर दी जानकारी

रुद्रपुर/ऊधम सिंह नगर। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर 10 सितंबर 2026 को कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, रुद्रपुर में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी ने की। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आत्महत्या रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाने की सामूहिक शपथ ली।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के उद्देश्य और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मानसिक तनाव तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

इसके अलावा जिला चिकित्सालय रुद्रपुर के साइकेट्रिस्ट डॉ. ईश कुमार के नेतृत्व में सरदार भगत सिंह गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, रुद्रपुर में विशेष स्वास्थ्य शिविर एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को आत्महत्या के जोखिम कारकों के संबंध में जानकारी दी गई। मानसिक विकार, न्यूरोडेवलपमेंटल विकार, शारीरिक विकार तथा मादक द्रव्यों के सेवन जैसे विषयों पर भी जागरूक किया गया।

डॉ. ईश कुमार ने बताया कि मानसिक तनाव, सामाजिक परिस्थितियां, रिश्तों से जुड़ी समस्याएं तथा वित्तीय परेशानियां व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती हैं। उन्होंने तनाव के प्रमुख कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा मानसिक तनाव से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और व्यवहारिक प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी।

गोष्ठी में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहानी ने भी विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम के संबंध में जागरूक किया। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में सरदार भगत सिंह गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। वहीं, जनपद ऊधम सिंह नगर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने भी विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर शपथ ली। उनके द्वारा आसपास के स्कूल एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।

जिले की सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में टेली-मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया, ताकि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता की जरूरत वाले लोगों को उपलब्ध सेवाओं की जानकारी मिल सके।

इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.पी. सिंह, डॉ. एस.पी. सिंह, डॉ. पी.डी. गुप्ता, डॉ. सुधीर गुप्ता, डॉ. रविंद्र पाल सिंह, डीपीएम हिमांशु मस्यूनी, चांद मियां, डॉ. संतोष पांडेय, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहानी, कॉलेज प्राचार्य प्रो. एन. सिंह, प्रो. दीपा वर्मा, डॉ. वसुंधरा, एसआई नीलम मेहरा, डॉ. अनीत, उमेश चंद्र पाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: अरविंद कुमार । न्यूज लाइव पूर्वांचल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *