पूरनपुर (पीलीभीत)। तहसील क्षेत्र में लगातार मिल रही अवैध खनन की शिकायतों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उपजिलाधिकारी पूरनपुर मयंक गोस्वामी के निर्देशन में शनिवार सुबह प्रशासनिक टीम ने छापेमारी कर अवैध खनन में लगी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके से पकड़ लिया।जानकारी के अनुसार, पूरनपुर तहसील क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मीडिया कर्मियों और स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार प्रशासन तक पहुंचाई जा रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मयंक गोस्वामी के निर्देश पर शनिवार प्रातः लगभग 7:00 बजे प्रशासनिक टीम ने अचानक क्षेत्र में दबिश दी।कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से खनन सामग्री ले जा रहीं दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा गया। टीम ने दोनों वाहनों को सीज करते हुए शेरपुर कलां पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया है।प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध खनन और खनन सामग्री का अवैध परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।