*अंकिता हत्याकांड के कथित वीआईपी कनेक्शन की निष्पक्ष जांच की मांग*
*चौथी पुण्यतिथि पर शहीद स्मारक में कांग्रेसियों ने दीप जलाकर दी श्रद्धांजलि*
खटीमा। अंकिता भंडारी हत्याकांड की चौथी पुण्यतिथि पर शुक्रवार शाम खटीमा मुख्य चौक स्थित शहीद स्मारक स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर अंकिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस विधायक एवं उपनेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता को न्याय दिलाने, हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी कनेक्शन की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने वीआईपी एंगल की जांच को लेकर नारेबाजी भी की। विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने कहा कि अंकिता हत्याकांड को चार वर्ष बीतने के बावजूद न्याय नहीं मिल पाना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार पर हत्याकांड से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों को मिटाने और आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक चले आंदोलन और संघर्ष के बावजूद अंकिता को न्याय नहीं मिल सका। कापड़ी ने आरोप लगाया कि हत्याकांड में कथित रूप से सामने आए वीआईपी को भी संरक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता की ओर से की गई मांग के आधार पर सीबीआई जांच कराने के बजाय ऐसे व्यक्ति की तहरीर पर जांच की संस्तुति की गई, जिसका घटना से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच की स्थिति भी अब तक स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि हत्याकांड में कथित वीआईपी कौन है। उसका नाम सार्वजनिक कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकिता को न्याय मिलने तक उनकी आवाज उठाई जाती रहेगी।