अवैध सागौन की लकड़ी बरामद, टाल संचालक पर होगी कार्रवाई

खटीमा। तराई पूर्वी वन प्रभाग में अवैध लकड़ी तस्करी और वन संपदा के अवैध भंडारण के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार सुबह खटीमा रेंज के टनकपुर-आमबाग क्षेत्र में वन सुरक्षा दल ने एक लकड़ी टाल पर औचक छापेमारी कर सागौन के पांच अवैध लट्ठे बरामद किए। प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह और उप प्रभागीय वनाधिकारी अनिल जोशी के निर्देशन तथा वन सुरक्षा दल प्रभारी नवीन सिंह रेकवाल के नेतृत्व में टीम ने सुबह करीब 8:30 बजे हरीश जोशी के लकड़ी टाल पर छापेमारी की। जांच के दौरान टाल से सागौन प्रकाष्ठ के पांच लट्ठे मिले। वन विभाग की टीम ने टाल संचालक से लकड़ी से संबंधित वैध अभिलेख मांगे, लेकिन वह संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वन सुरक्षा दल ने मौके पर लकड़ी की नाप-जोख कर उसे अपने कब्जे में ले लिया। बरामद लकड़ी को सुरक्षित रूप से टनकपुर वन चौकी में रखवाया गया है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मामले में भारतीय वन अधिनियम के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में वन सुरक्षा दल प्रभारी नवीन रेकवाल, वन दरोगा कृष्ण चंद्र शर्मा, वन दरोगा सीजी गोस्वामी, वन आरक्षी ललित बिष्ट और वाहन चालक चंदन बेदी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *