नाबालिग को बहला-फुसलाकर केरल ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार

सितारगंज (ऊधमसिंह नगर): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति के कुशल निर्देशन में सितारगंज कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को केरल से सकुशल बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।बीती 20 जुलाई 2026 को सितारगंज क्षेत्र से एक 14 वर्षीय नाबालिग अचानक लापता हो गई थी। पीड़िता की मां की तहरीर पर कोतवाली सितारगंज में धारा 362/2026 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बालिका की सकुशल बरामदगी और आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठित कर कड़े निर्देश दिए थे।जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अलग-अलग राज्यों में नाई (बार्बर) का काम करता है। पुलिस टीम ने दिल्ली समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान सुराग मिला कि आरोपी पूर्व में केरल में काम कर चुका है और फिलहाल वहीं छिपा हो सकता है।

सूचना पर कार्रवाई करते हुए सितारगंज पुलिस की टीम केरल पहुंची। स्थानीय थाना चालिस्सेरी (जनपद पालक्काड, केरल) पुलिस के सहयोग से चलाए गए तलाशी अभियान के बाद आरोपी आफताब को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आफताब (उम्र 23 वर्ष) पुत्र अलकाब हुसैन, निवासी कुँवरपुर सिसैया, सितारगंज के रूप में हुई है। मामले में साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 87(1), 65(1) तथा 5/6 पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस टीम मे प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उप-निरीक्षक कैलाश सिंह देव, महिला कॉन्स्टेबल ज्योति शर्मा, कॉन्स्टेबल प्रेम कन्वाल तथा local पुलिस थाना चालिस्सेरी (केरल) के जवान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *