म्यूल अकाउंट के जरिए करोड़ों के संदिग्ध साइबर फ्रॉड नेटवर्क का खुलासा,दो आरोपी गिरफ्तार

पीलीभीत। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइ-वज्र के तहत थाना जहानाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल बैंक खातों के जरिए संचालित किए जा रहे संदिग्ध साइबर फ्रॉड नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, चेकबुक और बैंक पासबुक समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहसिन पुत्र मोहम्मद अमजद निवासी मोहल्ला विलई, कस्बा व थाना जहानाबाद, जनपद पीलीभीत तथा राहुल पुत्र मेघनाथ निवासी ग्राम हरवंशपुर लक्ष्मनियापुर, थाना भोजीपुरा, जनपद बरेली के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 01 लैपटॉप, 06 मोबाइल फोन, 16 फर्जी आधार कार्ड, 10 एटीएम कार्ड, 07 चेकबुक और 10 बैंक पासबुक बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में देश के विभिन्न राज्यों से सामने आई करीब 200 साइबर शिकायतों से जुड़े बैंक खातों का पता चला है। इन खातों के संबंध में पुलिस को 47 BET गेमिंग प्लेटफॉर्म तथा विभिन्न इन्वेस्टमेंट प्लान के माध्यम से साइबर ठगी किए जाने के तथ्य सामने आए हैं।प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस का कहना है कि गिरोह द्वारा लोगों को ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म और विभिन्न निवेश योजनाओं में पैसा लगाने तथा कम समय में अधिक लाभ कमाने का प्रलोभन दिया जाता था। इसके बाद लोगों से धनराशि विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराकर उसका इस्तेमाल कथित साइबर ठगी के नेटवर्क में किया जाता था।जांच के दौरान साइबर शिकायतों से जुड़े बैंक खातों में उपलब्ध करीब पांच लाख रुपये की धनराशि को होल्ड कराया गया है। पुलिस अब सामने आए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल लेनदेन और अन्य संदिग्ध कड़ियों की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन साइ-वज्र और म्यूल अकाउंट वेरिफिकेशन अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना जहानाबाद पुलिस ने बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों के संबंध में और जानकारी सामने आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *