UPI पर MDR के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, खटीमा में PM मोदी का पुतला फूंका,मुख्य चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी, शुल्क व्यवस्था वापस लेने की मांग।

खटीमा। यूपीआई के चुनिंदा व्यापारी लेनदेन पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खटीमा मुख्य चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और प्रस्तावित शुल्क व्यवस्था वापस लेने की मांग उठाई। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश सिंह राठौर ने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के बाद अब चुनिंदा व्यापारी लेनदेन पर MDR लागू किए जाने से कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार को इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करना चाहिए। गौरतलब है कि नए प्रावधान के तहत 15 अक्टूबर 2026 से ₹2,000 से अधिक के पात्र व्यक्ति-से-व्यापारी (P2M) UPI लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत MDR लागू होगा। हालांकि, ₹2,000 तक के व्यापारी भुगतान और व्यक्ति-से-व्यक्ति (P2P) लेनदेन पर MDR नहीं लगेगा। सरकार के अनुसार छोटे व्यापारियों की निर्धारित श्रेणी के लेनदेन भी शुल्क से बाहर रहेंगे। प्रदर्शन के दौरान नरेंद्र आर्य ने कहा कि छोटे दुकानदार और व्यापारी डिजिटल भुगतान पर तेजी से निर्भर हुए हैं। ऐसे में शुल्क व्यवस्था लागू होने की घोषणा से व्यापारियों के बीच चिंता पैदा हुई है। उन्होंने केंद्र सरकार से निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की। इस दौरान नगर अध्यक्ष अमन अरोरा, देवेंद्र कन्याल, जफर, नादिर खान, नरेंद्र आर्य, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीरज कन्याल, मान सिंह, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष जरीफ, बादल सक्सेना, मो. ताहिर, अरफात अंसारी, पंकज टम्टा, नगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस गुफरान, अनिल विश्वकर्मा, जावेद, भूपेंद्र गंगवार, बीना राणा, विद्या और सचिन सनवाल सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर.उत्तम कुमार। न्यूज लाइव पूर्वांचल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *