खटीमा। इंडो-नेपाल सीमा से सटे सिसैया मेलाघाट निवासी एक परिवार के दो भाई-बहनों के सरकारी सेवा में चयन होने पर बुधवार को उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। बड़ी बहन कुमारी रेखा का चयन उत्तराखंड कर्मचारी राज्य बीमा योजना, श्रम चिकित्सा सेवाएं विभाग में एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारी के पद पर खटीमा में हुआ है, जबकि छोटे भाई सुशील कुमार का चयन भारत सरकार के आयकर विभाग में भोपाल जोन में असिस्टेंट इनकम टैक्स ऑफिसर के पद पर हुआ है। दोनों भाई-बहनों की सफलता से परिवार के साथ ही क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है। बुधवार को खटीमा विधायक एवं उपनेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी अपनी टीम के साथ उनके आवास पर पहुंचे और शॉल एवं पौधा भेंट कर शुभकामनाएं दीं। वहीं खटीमा विधानसभा यूकेडी के संभावित प्रत्याशी रोहित भट्ट तथा जिला अध्यक्ष हरेंद्र प्रसाद उत्तराखंडी ने शॉल, डायरी एवं पेन भेंट कर दोनों का उत्साहवर्धन किया।
उत्तराखण्ड प्रेस क्लब खटीमा, प्रेस क्लब खटीमा तथा डा. बी.आर. अंबेडकर पे-बैक टू सोसायटी उत्तराखंड के संस्थापक डा.उत्तम कुमार की टीम ने उत्तराखंड प्रेस क्लब खटीमा के अध्यक्ष दीपक फुलेरा, प्रेस क्लब खटीमा के अध्यक्ष हरि नारायण अग्रवाल के नेतृत्व में फूल-माला पहनाकर तथा भगवान बुद्ध और डॉ. बी.आर.अंबेडकर जी की प्रतिमा और प्रशस्ति-पत्र भेंट कर दोनों को सम्मानित किया। दिल्ली क्लासेस खटीमा के प्रबंधक विशाल मौर्य ने अपनी टीम के साथ शॉल एवं डायरी भेंट की। वहीं गायत्री अस्पताल के डॉ. अजय चौधरी एवं डॉ. अनीता चौधरी ने भी दोनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
परिस्थितियों में हासिल की सफलता:-
परिजनों ने बताया कि वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान पिता धर्मजीत के निधन के बाद परिवार के सामने आर्थिक परिस्थितियां काफी कठिन हो गई थीं। इसके बावजूद माता शांति देवी ने हिम्मत नहीं हारी और बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने का प्रयास जारी रखा। बच्चों ने भी कठिन परिस्थितियों में मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ पढ़ाई जारी रखी और सरकारी सेवा में चयन हासिल कर अपने पिता के सपने को साकार किया। माता शांति देवी ने भावुक होते हुए कहा कि बच्चों की सफलता से उन्हें बेहद खुशी है। उन्होंने कहा कि यदि आज उनके पति जीवित होते तो बच्चों की इस उपलब्धि पर उन्हें सबसे अधिक खुशी होती।
चारों भाई-बहनों ने बनाया लक्ष्य:-
परिवार में कुल चार भाई-बहन हैं। सबसे बड़े भाई सिद्धार्थ कुमार ने एम.फार्मा किया है और ऑनलाइन स्टडी के माध्यम से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। दूसरे नंबर की बहन रेखा एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारी बनी हैं। तीसरे नंबर के भाई सुशील कुमार ने एसएससी सीजीएल के माध्यम से सफलता हासिल कर असिस्टेंट इनकम टैक्स ऑफिसर का पद प्राप्त किया है। चौथे नंबर की बहन रेनू ने बीएससी-बीएड किया है और ऑनलाइन स्टडी के माध्यम से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही है
सुशील कुमार ने कक्षा पांच तक की शिक्षा शहीद हरि किशन शिक्षण संस्थान अशोक फार्म से, इंटरमीडिएट राणा प्रताप इंटर कॉलेज खटीमा से तथा बीएससी हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा से की। वर्ष 2023 से सरकारी नौकरी की तैयारी शुरू की और वर्ष 2025 में एसएससी सीजीएल के माध्यम से सफलता प्राप्त की। उनकी तैयारी में दिल्ली क्लासेस लाइब्रेरी खटीमा तथा ऑनलाइन स्टडी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं कुमारी रेखा ने कक्षा पांच तक की शिक्षा शहीद हरि किशन शिक्षण संस्थान अशोक फार्म, इंटरमीडिएट राणा प्रताप इंटर कॉलेज खटीमा से किया। इसके बाद डी.फार्मा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज काशीपुर, बी.फार्मा कुमाऊं यूनिवर्सिटी भीमताल तथा एम.फार्मा हिमालयन इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर देहरादून से किया। वर्ष 2023 से ऑनलाइन स्टडी के माध्यम से तैयारी करने के बाद उनका चयन एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारी के पद पर हुआ। इस अवसर पर मुस्तकीम मलिक, इश्तियाक अंसारी, गोरख नाथ, सूरज गुसाईं, अरविंद कुमार, पूर्व प्रधान दीपक कुमार, एडवोकेट विक्की सक्सेना, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राहुल कुमार, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राम जन्म, बीडीसी अर्जुन कुमार, मनोज कोहली, शिव कुमार, रामप्रवेश, प्रदीप कुमार वर्मा, डॉ. नागेंद्र वर्मा, सुरेंद्र प्रसाद, अवधेश कुमार, राम अवध, हरीश चंद्र सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।