माउंट एवरेस्ट विजेता तिला सेन का पूर्व विद्यालय में भव्य स्वागत, छात्रों को दिया सफलता का मंत्र

???? न्यूज लाइव पूर्वांचल

खटीमा। दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर देश का गौरव बढ़ाने वाली पर्वतारोही तिला सेन का उनके पूर्व विद्यालय में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने पुष्पगुच्छ, मालाएं और शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य रामनारायण वर्मा ने कहा कि तिला सेन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की थी। उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि तिला सेन का संघर्ष, अनुशासन और दृढ़ संकल्प विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

सम्मान समारोह में तिला सेन ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए कहा कि उनके जीवन की मजबूत नींव इसी विद्यालय में पड़ी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और अनुशासन ही सफलता की असली कुंजी हैं।” उन्होंने बताया कि पर्वतारोहण के दौरान अनेक कठिन परिस्थितियां आईं, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य पर अडिग रहीं।

उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम करने और असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि इरादे मजबूत हों तो दुनिया की कोई भी ऊंचाई हासिल की जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने तिला सेन से विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया। उनके अनुभवों और प्रेरणादायी विचारों ने विद्यार्थियों में नया आत्मविश्वास और ऊर्जा का संचार किया।

कार्यक्रम का संचालन हरिओम पारखी (प्रवक्ता, हिंदी) ने किया। इस अवसर पर छात्राओं ने मालाएं पहनाकर तिला सेन का स्वागत किया। समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने उन्हें स्मृति चिन्ह, पुष्पगुच्छ, शॉल एवं मालाएं भेंट कर सम्मानित किया। पूरा विद्यालय तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और विद्यार्थियों ने उन्हें अपना आदर्श बताते हुए उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर धर्मेंद्र प्रसाद शुक्ल, संगीता रावत, सूरजनाथ कुशवाहा, रवींद्र कुमार, श्याम सुंदर गंगवार, उपमा वर्मा, अंबादत्त पंत, अरुण सिंह राणा सहित विद्यालय परिवार एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

संवाददाता.उत्तम कुमार | न्यूज लाइव पूर्वांचल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *