खटीमा। खटीमा वन रेंज के चकरपुर-बुढ़ाबाग क्षेत्र में सागौन के पेड़ काटकर इमारती लकड़ी पार किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय स्तर पर चार पेड़ काटे जाने की चर्चा है, जबकि वन विभाग ने फिलहाल केवल दो पेड़ों के कटने का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई को क्षेत्र में सागौन के पेड़ काटे जाने का मामला प्रकाश में आया। इससे पहले नखाताल क्षेत्र में 16 पेड़ काटे जाने की घटना को लेकर मामला चर्चा में रहा था। ऐसे में एक बार फिर वन क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आने से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मौके पर चार पेड़ों की कटी हुई जड़ें मौजूद हैं, जबकि वन विभाग केवल दो पेड़ों के कटने की पुष्टि कर रहा है। घटनास्थल पर कटी हुई लकड़ी भी नहीं मिली, जिससे आशंका जताई जा रही है कि लकड़ी को पहले ही वहां से पार कर दिया गया।
वन क्षेत्राधिकारी हरेन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि विभाग द्वारा दो पेड़ों के कटने का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, एसडीओ फॉरेस्ट संचिता वर्मा ने कहा कि उन्हें दो सागौन के पेड़ों के कटने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है तथा बरामद लकड़ी को सुरक्षित रखा गया है।
अब क्षेत्र में वास्तविक रूप से कितने पेड़ काटे गए और अवैध कटाई के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।