खटीमा। नगर पालिका परिषद खटीमा के अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी की संवेदनशील पहल से वार्ड संख्या-16 की एक दिव्यांग बालिका को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। ट्राई साइकिल मिलने से अब बालिका के लिए विद्यालय, घर और अन्य स्थानों तक आना-जाना पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगा।
जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-16 निवासी दीपक ने नगर पालिका अध्यक्ष को अवगत कराया कि क्षेत्र की एक दिव्यांग बालिका को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा उसे ट्राई साइकिल की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों से संपर्क किया।
नगर पालिका अध्यक्ष की पहल पर भारत विकास परिषद ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए बालिका को ट्राई साइकिल भेंट की। ट्राई साइकिल प्राप्त होने पर बालिका एवं उसके परिजनों ने नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी तथा भारत विकास परिषद का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि समाज के जरूरतमंद और दिव्यांगजनों की सहायता करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग व्यक्तियों को आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग देना ही सच्ची सामाजिक सेवा है। साथ ही उन्होंने भारत विकास परिषद के सहयोग की सराहना करते हुए परिषद के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
क्षेत्रवासियों ने भी नगर पालिका अध्यक्ष की त्वरित कार्यशैली और भारत विकास परिषद की सामाजिक प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए इस पहल को जनसेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक सहयोग का प्रेरणादायक उदाहरण है।