खटीमा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने ग्राम चकरपुर में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह पहल गांवों को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
इसके बाद चकरपुर स्टेडियम में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है, जिससे युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
खटीमा ब्लॉक सभागार में उत्तराखंड सरकार द्वारा मनोनीत नगर पालिका परिषद के नवनियुक्त सभासद इन्द्र चंद, नीलू गुप्ता, कश्यप मोटवानी और संगीता राणा का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। अजय मौर्य ने सभी जनप्रतिनिधियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सोमनाथ मौर्य, रविंद्र राणा, रनदीप पोखरिया, मनोज साही, गणेश जोशी, राकेश बिष्ट, दीपा, सुनील प्रजापति, भैरव दत्त पांडे, नन्हे लाल, किशन चंद ‘कुक्कू’, नरेंद्र, अमर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।