कारगिल विजय दिवस पर खटीमा में शहीदों को श्रद्धांजलि, वीर सैनिक परिवारों का सम्मान

खटीमा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर की सचिव ममता पंत के आदेशानुसार आदेश संख्या 32/2026-27 के तहत रविवार को टनकपुर रोड स्थित पैरिन बैंक्वेट हॉल, अमाऊं, खटीमा में विधिक जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भूतपूर्व सैनिक कैप्टन गंभीर सिंह धामी ने की। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ के अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा वीर सैनिकों के परिवारजनों और पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया।कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खटीमा की टीमों और पैनल अधिवक्ताओं ने पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं तथा उनके अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया।विधिक जागरूकता शिविर में साइबर क्राइम, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। लोगों से अपील की गई कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। महिलाओं को घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।इसके अलावा आगामी 2 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले बहुउद्देशीय शिविर, राष्ट्रीय लोक अदालत, सैनिकों के अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, भरण-पोषण संबंधी मामलों, पॉक्सो एक्ट और सड़क सुरक्षा नियमों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित लोगों को विशेष रूप से जागरूक किया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें और यातायात नियमों का पालन करें।शिविर में नालसा की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 सहित विभिन्न विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए कहा गया कि प्रत्येक नागरिक को कानून द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करना चाहिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर परिवारजन और स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में 400 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।इस अवसर पर पैनल अधिवक्ता डॉ. चंचल सिंह, पैरालीगल वॉलंटियर्स गीता शर्मा, रेखा, प्रीति राना, लाल सिंह, विमल कुमार, उदय कुमार, मीरा देवी, भगवती देवी, माया देवी, पिंकी राणा, प्रभु दयाल, कमला गोस्वामी, आशा रानी, ठगगो देवी, रामनिवास सिंह, बिमला मुडेला, शुभम सिंह, आरबी सिंह राणा और मंजू बिष्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *