जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने किया उद्घाटन, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की पहल को बताया आत्मनिर्भरता की मिसाल।
खटीमा। विकासखंड के ग्राम मोहम्मदपुर भुड़िया में सोमवार को दया ग्राम संगठन द्वारा संचालित उड़ान महिला क्लस्टर (बण्डिया) बेकरी यूनिट का शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने फीता काटकर यूनिट का उद्घाटन किया और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर अजय मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह बेकरी यूनिट ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्रवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ बेकरी उत्पाद भी उपलब्ध कराएगी।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए वक्ताओं ने इसे ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी संजय गांधी, दया ग्राम संगठन की अध्यक्ष मानवंती राणा, सचिव सुमन देवी, कोषाध्यक्ष विनीता देवी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।