पीलीभीत/हजारा। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को धनारा घाट पर पुलिस, राहत एवं बचाव दल और गोताखोरों ने संयुक्त रूप से व्यापक मॉक ड्रिल (पूर्वाभ्यास) का आयोजन किया। इस दौरान किसी भी आकस्मिक हादसे से निपटने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन का अभ्यास कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया।पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में आयोजित इस पूर्वाभ्यास में क्षेत्राधिकारी पूरनपुर विधि भूषण मौर्य की मौजूदगी में थाना हजारा पुलिस, 23वीं बटालियन मुरादाबाद की राहत एवं बचाव टीम, गोताखोरों तथा निजी नाविकों ने भाग लिया। जल भरने या स्नान के दौरान किसी श्रद्धालु के नदी में फंसने अथवा डूबने जैसी संभावित परिस्थितियों में तत्काल बचाव कार्य कैसे किया जाएगा,इसका व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया मॉक ड्रिल के दौरान नावों और प्रशिक्षित गोताखोरों की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन का अभ्यास किया गया। वहीं ड्रोन कैमरे से पूरे धनाराघाट और आसपास के क्षेत्र की निगरानी कर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया, ताकि भीड़भाड़ के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और राहत-बचाव दल को आपसी समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी रेस्क्यू ऑपरेशन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी, थाना हजारा प्रभारी शरद यादव, एसडीआरएफ की 23वीं बटालियन मुरादाबाद की टीम, गोताखोर, नाव चालक तथा पुलिस बल मौजूद रहा।श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान हर संवेदनशील घाट पर सतर्क निगरानी और त्वरित राहत व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।