चुनावी तैयारियों में जुटा यूकेडी, संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर मंथन

न्यूज लाइव पूर्वांचल संवाददाता.उत्तम कुमार। खटीमा। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को खटीमा स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित जिला इकाई की बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक मजबूती और जनहित के मुद्दों को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।

बैठक में यूकेडी के संभावित विधानसभा प्रत्याशी रोहित भट्ट ने कहा कि पार्टी एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और जल्द ही गांव-गांव जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन, बेरोजगारी, महंगाई और आम जनता से जुड़े मुद्दे पार्टी की प्राथमिकता रहेंगे। उन्होंने सरकार पर युवाओं को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप भी लगाया।

जिला अध्यक्ष हरेंद्र प्रसाद उत्तराखंडी ने आवारा गोवंश की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार की घोषणाओं के बावजूद जमीनी स्तर पर पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है और किसानों की फसलों को भी नुकसान हो रहा है।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने तथा आगामी चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान सुंदर सिंह मनोला, सुरेंद्र सिंह गुरुगं, शाहबुद्दीन अंसारी, शिव शंकर भाटिया, कैप्टन धन बहादुर चंद, शिवलाल रस्तोगी, चंचल सिंह खनका, कैलाश भट्ट, हरीश फुलेरा, जीवन भट्ट, योगेश बोरा, हेमंत कुमार, कोठारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *