शराब के नशे में कलयुगी बेटे ने मां को छत से फेंका, फिर गला दबाकर हत्या का आरोप

बीसलपुर पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार, पूछताछ में सामने आया चौंकाने वाला खुलासा

संवाददाता- अरविंद कुमार | न्यूज लाइव पूर्वांचल

बीसलपुर, पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाना क्षेत्र के नसरुल्लापुर गांव में मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि शराब के नशे में एक 24 वर्षीय युवक ने अपनी मां को छत से नीचे फेंक दिया और इसके बाद उसकी हालत गंभीर देखकर कथित तौर पर मुंह और गला दबा दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, नसरुल्लापुर गांव निवासी रामप्रताप ने थाने में शिकायत देकर अपने 24 वर्षीय बेटे विकास पर अपनी मां की हत्या करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

शराब की लत और पैसों को लेकर विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसे शराब पीने की लत है। कुछ समय पहले उसने अपनी जमीन बेचकर प्राप्त रकम खर्च कर दी थी। इसके बाद वह परिजनों से लगातार पैसों की मांग कर रहा था, लेकिन परिजनों ने पैसे देने से इनकार कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी ने अपनी मां से विवाद कर 500 रुपये लिए और शराब पी। नशे की हालत में घर लौटने के बाद वह अपनी मां को यह कहकर छत पर ले गया कि ऊपर कोई खड़ा है। आरोप है कि छत पर पहुंचने के बाद उसने मां को नीचे धक्का दे दिया।

पुलिस का दावा है कि नीचे आने पर आरोपी ने देखा कि उसकी मां की सांसें चल रही थीं। इसके बाद उसने कथित तौर पर उनका मुंह और गला दबा दिया। घटना को हादसे का रूप देने के लिए आरोपी द्वारा शोर मचाने की बात भी पुलिस जांच में सामने आई है।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पीलीभीत और क्षेत्राधिकारी बीसलपुर के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर आरोपी विकास को उल्लिका नहर की पटरी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, कांस्टेबल अजय तोमर, कांस्टेबल विकास कुमार और कांस्टेबल परमजीत शामिल रहे।

नोट: पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और न्यायालय की प्रक्रिया के अनुसार होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *