रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)।* जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की माननीय सचिव ममता पंत के आदेशानुसार (आदेश संख्या- 49/2026-27) के तत्वावधान में 27 अगस्त 2026 को विधिक साक्षरता एवं जन जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य महमूद अली की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में विधिक टीम नंबर-36 ने विद्यार्थियों को कानून, जनहित योजनाओं और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।शिविर का संचालन करते हुए पैरालीगल वॉलंटियर गीता शर्मा ने नालसा योजनाओं और स्थाई लोक अदालत की बारीकियों के बारे में बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थाई लोक अदालत के माध्यम से एक करोड़ के मामलों—जैसे बिजली, पानी, बैंकिंग, पेंशन, बीमा, शिक्षा, स्वास्थ्य, और सड़क यातायात संबंधी विवादों—का त्वरित निस्तारण किया जाता है। स्थाई लोक अदालत में सिविल प्रक्रिया संहिता 1908 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 1872 के जटिल प्रावधान लागू नहीं होते, जिससे विवादों का निस्तारण बिना किसी न्यायालय शुल्क के जल्द होता है और इसका निर्णय अंतिम होता है।शिविर के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, सड़क सुरक्षा नियमों, शिक्षा के अधिकार और ग्रामीण विधिक सेवा सहायता केंद्रों की जानकारी दी गई। साथ ही, साइबर क्राइम, सोशल मीडिया फ्रॉड और ‘डिजिटल अरेस्ट’ से बचाव के तरीके बताते हुए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर—सड़क सुरक्षा (112), साइबर क्राइम (1930), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) और नालसा टोल-फ्री नंबर (0-15100) साझा किए गए।
प्रधानाचार्य महमूद अली ने विधिक टीम की इस पहल को बेहद ज्ञानवर्धक और सराहनीय बताया। इस अवसर पर विधिक टीम नंबर-36 से गीता शर्मा और प्रीति राणा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट ए० डी० आर० केंद्र, जिला न्यायालय परिसर रुद्रपुर को प्रेषित कर दी गई है।