पीलीभीत। पुरनपुर। शारदा नदी में बढ़े जलप्रवाह और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शारदा पार क्षेत्र के संवेदनशील एवं प्रभावित गांवों में राहत और बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रभावित परिवारों तक तत्काल मदद पहुंचाने के लिए प्रशासनिक एवं राजस्व टीमों को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है।पूरनपुर तहसील मुख्यालय से शारदा पार क्षेत्र के गांवों की दूरी अधिक होने के कारण ग्राम श्रीनगर स्थित राजस्व चौकी पर नायब तहसीलदार सौरभ दीप की अध्यक्षता में राजस्व निरीक्षक और क्षेत्रीय लेखपालों की टीम को 24 घंटे तैनात किया गया है। टीम द्वारा क्षेत्र में जलस्तर, आवागमन, कटान, प्रभावित परिवारों की स्थिति और राहत की जरूरतों पर लगातार नजर रखी जा रही है।प्रशासन के अनुसार किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करने की व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में बुधवार शाम करीब 300 प्रभावित परिवारों को गर्म एवं पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया गया।बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए हजारा, टिब्बा, शास्त्री नगर और लाल बहादुर शास्त्री नगर स्थित बाढ़ शरणालय सहित अन्य चिन्हित सुरक्षित स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रशासन ने बताया कि शुक्रवार सुबह भी प्रभावित परिवारों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार आगे भी भोजन और अन्य राहत सामग्री की व्यवस्था जारी रहेगी।जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, पेयजल, चिकित्सा और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समयबद्ध तरीके से राहत और सहायता पहुंचाना प्राथमिकता है।प्रशासन ने आमजन को आश्वस्त किया है कि शारदा पार क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए टीमें लगातार 24 घंटे सक्रिय हैं और परिस्थितियों के अनुसार तत्काल कार्रवाई की जा रही है।