सशस्त्र सीमा बल की ई-कंपनी ने नगरिया कट में आयोजित की भव्य विलेज मीटिंग

पीलीभीत।कलीनगर। सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 49वीं वाहिनी पीलीभीत के अंतर्गत आने वाली ई-कंपनी परिसर में एक महत्वपूर्ण ‘विलेज मीटिंग’ (ग्राम संवाद बैठक) का आयोजन बड़े ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। इस विशेष बैठक का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और सुरक्षा बलों के बीच आपसी तालमेल,विश्वास और सहभागिता को बढ़ावा देना था।यह पूरा आयोजन एसएसबी रानीखेत फ्रंटियर के आईजी अमित कुमार और डीआईजी अनिल कुमार शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 49वीं वाहिनी पीलीभीत के कार्यवाहक कमांडेंट दुर्गा प्रसाद की विशेष उपस्थिति रही, जिनके नेतृत्व में अधिकारियों और जवानों ने ग्रामीणों के साथ सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से समझा।बैठक में क्षेत्र के गणमान्य लोगों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान विवेकानंद सरकार, शंकर राय, अजय वैध और मनजीत सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा एसएसबी के जवान भी बैठक में उपस्थित रहे। संवाद कार्यक्रम की शुरुआत में अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा, नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों से निपटने में ग्रामीणों के सहयोग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।संवाद सत्र के दौरान ग्रामीणों ने खुले दिल से अपने-अपने क्षेत्र की विकट और लंबे समय से लंबित समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। ग्रामीणों का कहना था कि हर वर्ष मानसून के दौरान आने वाली भीषण बाढ़ के कारण सैकड़ों एकड़ फसलें जलमग्न होकर पूरी तरह बर्बाद हो जाती हैं, जिससे किसान आर्थिक तंगी के जाल में फंस जाते हैं। इसके अलावा क्षेत्र को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण एम्बुलेंस तथा दैनिक वाहनों की आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों ने बुनियादी सुविधाओं की कमी पर भी दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा के लिए क्षेत्र में एक भी डिग्री कॉलेज नहीं है, जिसके कारण युवाओं और विशेषकर बेटियों को आगे की पढ़ाई छोड़नी पड़ती है या दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है। साथ ही बेहतर इलाज के लिए उपयुक्त अस्पतालों व विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण आपात स्थिति में मरीजों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। कार्यवाहक कमांडेंट दुर्गा प्रसाद एवं अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों की एक-एक समस्या को पूरी गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ सुना और दर्ज किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे इन सभी नागरिक समस्याओं को संबंधित जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा उच्च अधिकारियों के समक्ष प्राथमिकता के आधार पर उठाएंगे ताकि इनका जल्द से जल्द स्थाई समाधान निकल सके कार्यक्रम के औपचारिक समापन के पश्चात एसएसबी ई-कंपनी परिसर में एक सौहार्दपूर्ण माहौल में जलपान का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों और जवानों ने ग्रामीणों के साथ बैठकर नाश्ता किया। अनौपचारिक बातचीत के दौरान क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने और आपसी भाईचारे को कायम रखने जैसे सुरक्षा पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। ग्रामीणों ने एसएसबी द्वारा आयोजित इस जनसंवाद पहल की काफी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *