पीलीभीत/कलीनगर। जनपद पीलीभीत की तहसील कलीनगर के अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ग्राम पंचायत बून्दीभूड़ से एक गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। गांव के निवासी ओमप्रकाश के पुत्र गुलशन कुमार का चयन भारतीय सेना में ‘अग्निवीर’ के रूप में हुआ है। इस सफलता से जहां परिवार में खुशी का ठिकाना नहीं है, वहीं पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। शुक्रवार को गुलशन कुमार अपनी ट्रेनिंग हेतु रुड़की के लिए रवाना हो गए। गुलशन कुमार की यह सफलता उनके पिता ओमप्रकाश की कड़ी मेहनत का प्रतिफल है। आर्थिक तंगी के बावजूद, पिता ने दिन-रात मेहनत-मजदूरी करके अपने बेटे की पढ़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ी। पिता के पसीने की हर बूंद की कीमत को समझते हुए गुलशन ने भी लगन से पढ़ाई और तैयारी की, जिसका नतीजा आज सबके सामने है। वहीं ट्रेनिंग पर रवाना होने से पहले गांव में एक उत्सव जैसा माहौल देखा गया।
परिजनों और गांव के सम्मानित प्रबुद्ध जनों ने गुलशन कुमार को फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। नम आंखों लेकिन गर्व से चौड़े सीने के साथ माता-पिता, परिजनों और ग्रामीणों ने देश के इस नए रक्षक को रुड़की ट्रेनिंग सेंटर के लिए विदा किया। इस ऐतिहासिक कामयाबी को देखकर पूरे सीमावर्ती क्षेत्र बून्दीभूड़ में खुशी की लहर दौड़ गई है और युवा गुलशन को अपना रोल मॉडल मान रहे हैं।