खटीमा। ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत भवन जादौपुर में विधिक जनजागरूकता शिविर आयोजित किया गया। माननीय सचिव ममता पंत के आदेशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में 42 महिलाओं को कानूनी सहायता और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्राम प्रधान जेमवती राना की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में खटीमा ब्लॉक के अधिकारी चंद्रशेखर जोशी और हरिशंकर वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व काउंसलर एवं पैरा लीगल वॉलंटियर गीता शर्मा ने किया। शिविर में पैरा लीगल वॉलंटियर प्रीती राना और गीता शर्मा ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, पेंशन, निःशुल्क कानूनी सहायता, साइबर अपराध, सोशल मीडिया धोखाधड़ी और डिजिटल अरेस्ट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। साथ ही पॉक्सो एक्ट, बाल श्रम, बाल विवाह, सड़क सुरक्षा और नशे के दुष्परिणामों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में नालसा की गरीबी उन्मूलन एवं शिक्षा संबंधी योजना 2026, श्रम कार्ड के लाभ, स्वयं सहायता समूहों और रोजगार से जुड़ी सरकारी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों को राष्ट्रीय लोक अदालत, स्थायी लोक अदालत और जरूरतमंदों को उपलब्ध विधिक सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, आपातकालीन हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 1091 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर सहायता लेने की अपील की गई। वही इस कार्यक्रम का संदेश रहा ,अपने अधिकार जानें, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं और जरूरत पड़ने पर निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करें। मुख्य अतिथि चंद्रशेखर जोशी और हरिशंकर वर्मा ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। शिविर में गीता शर्मा और प्रीती राना, मानवती राणा और विपिन उप्रेती तथा टीम पिंकी राणा और रामनिवास सिंह राणा आदि अन्य लोग मौजूद रहे।