एबीवीपी स्थापना दिवस पर मेहंदी व नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
खटीमा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नगर इकाई खटीमा द्वारा स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को ब्लॉक सभागार में मेहंदी एवं नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं, माउंट एवरेस्ट विजेता तिला सेन विशेष अतिथि तथा एबीवीपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शिप्रा बसेड़ा प्रवासी कार्यकर्ता के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम का संचालन एवं नेतृत्व विभाग छात्रा प्रमुख वंशिका शुक्ला ने किया।
मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति एवं सृजनात्मक अभिव्यक्ति विषय पर आकर्षक कलाकृतियां प्रस्तुत कीं, जबकि नृत्य प्रतियोगिता में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेकर भारतीय संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एबीवीपी सदैव छात्र हितों की रक्षा और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित होकर कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में नीरज, आकाश वर्मा ,रोहित जोशी,
जतिन पांडे, कोमल शर्मा, सर्वजीत कौर, कोमल किरण रौतेला, कशिश, ज्योति, सारिका, पायल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।