नमस्ते दिवस पर पर्यावरण मित्रों का सम्मान, स्वास्थ्य परीक्षण के साथ वितरित की गई सुरक्षा किट

खटीमा। नगर पालिका परिषद द्वारा शहरी विकास निदेशालय के निर्देशन में “नमस्ते दिवस” के अवसर पर पर्यावरण मित्रों के सम्मान, सुरक्षा और स्वास्थ्य को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण मित्रों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा उन्हें सुरक्षित कार्य प्रणाली और कार्यस्थल पर बरती जाने वाली आवश्यक सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने पर्यावरण मित्रों को सुरक्षा किट वितरित करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में पर्यावरण मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और सम्मान सुनिश्चित करना नगर पालिका परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण मित्रों को नमस्ते योजना के उद्देश्यों से भी अवगत कराया गया और उन्हें सुरक्षित तरीके से कार्य करने के लिए जागरूक किया गया। इस मौके पर नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी, सफाई निरीक्षक विजय तथा कर्मचारी विक्की, संतोष, राजा, महेश, सौरभ सहित सभी पर्यावरण मित्र उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण मित्रों के समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए उनके लिए सुरक्षित एवं बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *