59 ग्राम पंचायतों में उपप्रधान चुनाव आज, पोलिंग पार्टियां रवाना; शाम तक आएंगे नतीजे

खटीमा। खटीमा विकासखंड की 59 ग्राम पंचायतों में उपप्रधान पद के निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार को विकासखंड परिसर से पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया। बुधवार, 15 जुलाई को मतदान होगा और मतगणना के बाद शाम तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

खंड विकास अधिकारी एवं निर्वाचन अधिकारी संजय गांधी ने बताया कि उपप्रधान पद के चुनाव में 59 ग्राम पंचायतों के 622 वार्ड सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक उम्मीदवारों को नामांकन प्रपत्र वितरित किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे तक नामांकन, 11 बजे जांच, दोपहर 12:30 बजे तक नाम वापसी तथा दोपहर 1 बजे चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।

इसके बाद दोपहर 1:30 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी और विजयी उम्मीदवारों को मौके पर ही विजय प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

निर्वाचन अधिकारी संजय गांधी ने बताया कि अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। इसके अलावा अन्य सभी मतदान केंद्रों पर भी नियमित पुलिस गश्त रहेगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
न्यूज लाइव पूर्वांचल संवाददाता.उत्तम कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *