जिला अस्पताल के सीटी स्कैन रूम में छात्रा पर चाकू से हमला, सहपाठी गिरफ्तार; महिला कर्मचारी भी घायल

पीलीभीत। जनपद के जिला अस्पताल परिसर में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। पैरामेडिकल की पढ़ाई कर रहे एक छात्र ने कथित रूप से अपनी सहपाठी छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए छात्रा सीटी स्कैन रूम की ओर भागी, लेकिन आरोपी ने वहां तक पीछा कर उस पर कई वार किए। बीच-बचाव करने पहुंची अस्पताल की एक महिला कर्मचारी भी घायल हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 8:30 बजे की है। किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी छात्र सागर ने अपनी सहपाठी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के दौरान अस्पताल कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

डॉक्टरों के अनुसार, छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स या लखनऊ पीजीआई रेफर करने की तैयारी की जा रही है। वहीं, घायल महिला कर्मचारी का भी उपचार जारी है।

घटना के बाद जिला अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *