न्यूज लाइव पूर्वांचल। रुद्रपुर/खटीमा। उत्तराखंड पशु कल्याण बोर्ड के राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त उपाध्यक्ष रणजीत सिंह नामधारी के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्य विकास अधिकारी ऊधम सिंह नगर की उपस्थिति में जनपदीय गोआश्रय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी छह मान्यता प्राप्त गोसदनों के प्रतिनिधियों, जिला पंचायत, पशुपालन विभाग, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। वहीं सभी उपजिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों ने डिजिटल माध्यम से सहभागिता की।
बैठक में मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद के छह मान्यता प्राप्त गोसदनों में वर्तमान में 2,383 निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं। साथ ही जिलाधिकारी द्वारा आवंटित भूमि पर सात नए गोसदनों के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। इनमें हल्दीघेरा (खटीमा), बरीराई (गदरपुर) और लंबाखेड़ा (रुद्रपुर) में निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि काशीपुर के लिए शासन को बजट प्रस्ताव भेजा गया है। खुनसरा (सितारगंज), गुलजारपुर और महुआ डाबरा के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है।
बैठक में मार्च 2026 से जून 2026 की अवधि के लिए जनपद के पांच मान्यता प्राप्त गोसदनों को गोवंश भरण-पोषण मद में कुल ₹2.31 करोड़ (₹2,31,30,000) का अनुदान जारी किए जाने का निर्णय लिया गया।
इस दौरान उपाध्यक्ष रणजीत सिंह नामधारी ने गोसदन संचालकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने गोवंश संरक्षण एवं गोसदनों के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर देते हुए सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया।