पीलीभीत। बरखेड़ा। थाना बरखेड़ा पुलिस ने सड़क किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 60 लीटर चोरी का डीजल, एक अवैध तमंचा, एक चाकू और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में पूरनपुर क्षेत्र में किराना व्यापारी के मुनीम से लूट की साजिश के मामले में वांछित आरोपी भी शामिल है।
पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरखेड़ा पुलिस रात्रि गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने भोपतपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास डंडिया राझे रजवाह के किनारे घेराबंदी कर तड़के करीब 3:25 बजे चारों संदिग्धों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सौरभ पुत्र सत्यपाल, अभिषेक पुत्र सर्वेश पाठक, दिनेश कुमार पुत्र मिढईलाल तथा लाल सिंह पुत्र राजेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किया गया 60 लीटर डीजल, एक अवैध तमंचा, एक चाकू तथा चोरी की वारदात में प्रयुक्त कार बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सौरभ कस्बा पूरनपुर के एक थोक किराना व्यापारी के कैश कलेक्शन करने वाले मुनीम से लूट की योजना बनाने के मामले में पहले से वांछित चल रहा था। उसे अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया गया है।
बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना बरखेड़ा में मु0अ0सं0 295/2026 के तहत धारा 317(2), 317(5) बीएनएस एवं 3/4/25 आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।