खटीमा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर के सचिव ममता पंत के निर्देश एवं आदेश संख्या 49/2026-27 के तहत शनिवार, 22 अगस्त 2026 को प्रधानाचार्य अरविंद चौधरी की अध्यक्षता में विधिक साक्षरता एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 76 छात्र-छात्राओं के साथ ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों को भी कानून और उनके अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।कार्यक्रम का संचालन पैरा लीगल वॉलंटियर प्रीती राना ने किया। उन्होंने स्थायी लोक अदालत, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से मिलने वाली निशुल्क कानूनी सेवाओं, सरकारी खर्चे पर पैनल अधिवक्ता की सुविधा, लीगल एड क्लीनिक तथा विधिक सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को न्याय पाने के लिए निशुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता उपलब्ध कराई जाती है।पैरा लीगल वॉलंटियर गीता शर्मा ने छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को मध्यस्थता तंत्र के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जमीन संबंधी विवाद, घरेलू विवाद, बच्चों की कस्टडी, मकान मालिक-किराएदार विवाद, गाली-गलौज, मारपीट और भरण-पोषण सहित कई मामलों में पक्षकार आपसी सहमति से विवाद का समाधान कर सकते हैं। प्री-लिटिगेशन मध्यस्थता एवं काउंसलिंग के माध्यम से दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी जाती है और सहमति बनने पर विवाद का समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाता है।शिविर में देहरादून, हल्द्वानी और नैनीताल जिलों में कार्यरत वाणिज्यिक न्यायालयों की भूमिका, अधिकारों एवं उनके लाभों के साथ विवादों के शीघ्र निस्तारण के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि मध्यस्थता व्यवस्था का उद्देश्य न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ कम करने के साथ-साथ आम जनता और न्याय व्यवस्था के बीच की दूरी को कम करना है।कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने, शिक्षा के प्रति अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों का पालन करने, बड़ों का सम्मान करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही आपात स्थिति में 112 हेल्पलाइन तथा निशुल्क कानूनी सहायता के लिए NALSA टोल-फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी गई।पैरा लीगल वॉलंटियरों ने बच्चों से अपील की कि वे अपने माता-पिता और आसपास के लोगों को भी विधिक जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दें, ताकि जरूरतमंद व्यक्ति अपने अधिकारों और निशुल्क कानूनी सहायता का लाभ उठा सके। इस दौरान प्रधानाचार्य अरविंद चौधरी को मध्यस्थता एवं विधिक सहायता से संबंधित पुस्तकें भी प्रदान की गईं।अंत में प्रधानाचार्य अरविंद चौधरी ने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए इसे छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों के लिए उपयोगी बताया। टीम नंबर 36 की पैरा लीगल वॉलंटियर गीता शर्मा एवं प्रीती राना ने लोगों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए शिविर का समापन किया।