नाज़िया इलाही ख़ान के आपत्तिजनक बयानों के विरोध में कोतवाली में सौंपा गया ज्ञापन,कड़ी कार्रवाई की मांग

खटीमा। इस्लाम, मुसलमानों और मुकद्दस हस्तियों के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान देने को लेकर नाज़िया इलाही ख़ान के खिलाफ़ भारी आक्रोश देखने को मिला है। शनिवार को कोतवाली में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें नाज़िया इलाही ख़ान के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने पहुंचे मौलाना इरफान उलहक कादरी और अन्य प्रतिनिधियों ने कहा कि कुछ लोग सस्ती लोकप्रियता, राजनीतिक लाभ और निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए बार-बार धार्मिक भावनाओं को भड़काने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान न केवल मुसलमानों के जज़्बात को गहरी ठेस पहुंचाते हैं, बल्कि क्षेत्र के अमन-ओ-अमान के लिए भी बड़ा ख़तरा पैदा कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हम कानून और संविधान का सम्मान करते हैं और इसी भरोसे के साथ प्रशासन के पास आए हैं। वक्ताओं ने कहा, “हमारे नबी मुहम्मद मुस्तफ़ा ﷺ की शान में की गई गुस्ताख़ी हम हरगिज़ बर्दाश्त नहीं करेंगे। नबी की मोहब्बत हमारे ईमान का हिस्सा है, जिसके लिए हम किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।” उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच की जाए और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस अवसर पर हजरत मौलाना इरफान उलहक कादरी, सईद अनवर, मोहम्मद ताहिर, शाहबुद्दीन अंसारी, असलम अंसारी, गुलाम मुस्तफा, नाजिम शेरी कदीरी और तौफ़ीक़ रज़ा सहित समुदाय के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *