शादी समारोह में आई दो साल की मासूम लापता, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर।खटीमा से बरखेड़ा आई थी बच्ची, गली में खेलते समय अचानक हुई गायब; तलाश में जुटी पुलिस

पीलीभीत। बरखेड़ा। जनपद पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान दो साल की मासूम बच्ची के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं लगने पर पिता ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 137(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित मोहल्ला इस्लाम नगर निवासी शाहबाज पुत्र हनीफ 25 अक्टूबर 2026 को अपनी पत्नी और दो बच्चियों के साथ बरखेड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-08 में एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे उनकी दो वर्षीय बेटी अनाबिया घर के बाहर गली में खेल रही थी। कुछ देर बाद बच्ची अचानक लापता हो गई।परिजनों ने बच्ची को आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। मासूम के लापता होने से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है। इसके बाद पिता ने पुलिस से शिकायत कर बच्ची को तलाशने की गुहार लगाई।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक धीर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस बच्ची की तलाश में जुटी है। दो साल की मासूम के अचानक लापता होने से परिजन परेशान हैं और उसकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *