खटीमा। खटीमा निवासी वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण कोली के पुत्र सार्थक कोली ने नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन स्वर्गीय जगजीवन राम मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़ में हुआ है। सार्थक की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सार्थक ने कक्षा 12वीं तक की शिक्षा सर्राफ पब्लिक स्कूल, खटीमा से प्राप्त की। उन्हें अपने दूसरे प्रयास में यह सफलता मिली। सार्थक ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपनी माता रंजना और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
सार्थक के चयन पर उनके पिता प्रवीण कोली ने उत्तराखंड में मेडिकल सीटों की संख्या में लगातार वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना और क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ाने में विधायक मयूख महर और सांसद अजय टम्टा का भी महत्वपूर्ण प्रयास रहा है।
सार्थक की सफलता पर राणा थारू परिषद के अध्यक्ष दान सिंह राणा, कांग्रेस नेता अरविंद कुमार, भाजपा नेता भवानी भंडारी, नंदन सिंह खड़ायत सहित अनेक लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी सार्थक को बधाई दी। आर्य का कोली परिवार से पारिवारिक संबंध है। उनकी शुभकामनाओं पर सार्थक के दादा नरपति राम ने आभार व्यक्त किया। सार्थक की सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।