पीलीभीत। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में गांधी सभागार, पीलीभीत में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनरीक्षण, पुनर्गठन तथा नए मतदेय स्थल स्थापित करने से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की गई।बैठक में मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे मतदेय स्थलों को चिन्हित करने पर जोर दिया गया, जो मुख्य गांव या बस्ती से दो किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित हैं। ऐसे मतदेय स्थलों को उसी क्षेत्र के नजदीकी एवं सुविधाजनक सरकारी भवन में स्थानांतरित करने की योजना है, ताकि मतदाताओं को मतदान के लिए अधिक दूरी तय न करनी पड़े जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन मतदेय स्थलों के भवन पुराने हैं, लेकिन जर्जर नहीं हैं और जहां मतदाताओं को दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़ती, वहां अनावश्यक बदलाव नहीं किया जाएगा। वहीं, अत्यधिक पुराने एवं जर्जर भवनों के स्थान पर सुरक्षित और स्थायी भवनों का चयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि राजनीतिक दलों से प्राप्त सभी दावों, सुझावों एवं आपत्तियों का पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाएगा। स्वीकृत और अस्वीकृत किए गए प्रस्तावों का कारण सहित विवरण तैयार कर संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि मतदेय स्थलों से संबंधित आलेख्य सूची जिला निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएगी, जिससे आम नागरिक अपने सुझाव एवं शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार मतदेय स्थलों के सम्भाजन की समस्त कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएगी। इसमें किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, जनपद पीलीभीत की चारों विधानसभाओं में कुल 1662 मतदेय स्थल और 967 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप निर्वाचन संबंधी सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), समस्त उपजिलाधिकारी, निर्वाचन से संबंधित अधिकारी तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता- अरविंद कुमार न्यूज लाइव पूर्वांचल